Homeट्रेंडिंग न्यूज़न्यायिक हिरासत में बंद केजरीवाल के सपोर्ट में देश-विदेश में पार्टी का...

न्यायिक हिरासत में बंद केजरीवाल के सपोर्ट में देश-विदेश में पार्टी का अनशन शुरु

न्यायिक हिरासत में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए आज देशभर में उनके सहयोगी भूखहड़ताल करेंगे। केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देश-विदेश में आप (Aam Aadmi Party) कार्यकर्ताओं का आंदोलन तेज होता जा रहा है। अपने मुख्यमंत्री के लिए आज रविवार सुबह 11 बजे से पार्टी सदस्यों ने सामूहिक उपवास रखा है।

दिल्ली और पंजाब से होगी शुरुआत 

आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) का ये आंदोलन दिल्ली में जंतर मंतर और पंजाब में शहीद भगत सिंह के गांव खटखड़कलां से शुरु होगा। जिसमें आप के विधायक, मंत्री, सांसद, पार्षद और पदाधिकारी जुटेंगे। इसी तरह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत देश के 25 राज्यों की राजधानी, जिला व ब्लॉक मुख्यालय, गांव व कस्बों में लोग केजरीवाल के लिए उपवास रखेंगे।

दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सपोर्ट में उपवास विदेश में भी रखा जाएगा। यूएस के न्यूयार्क, बोस्टन, लॉस एंजिल्स, वाशिंगटन डीसी, कनाडा में टोरंटो, ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न, यूके में लंदन समेत अन्य जगहों पर पार्टी कार्यकर्ता उपवास करेंगे।

प्रवक्ता ने दी अशन की जानकारी

आप (Aam Aadmi Party) प्रवक्ता बब्बी बादल ने अपने उपवास के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि रविवार सुबह 11 बजे से अनशन शुरु होगा। भूख हड़ताल आम आदमी का हथियार है। अनशन के दौरान बसें और सड़कें नहीं रोकी जाएगी और ना हीं रोजमर्रा की जिंदगी पर इसका प्रभाव पड़ेगा। आम आदमी पार्टी सदस्य सिर्फ अपने शरीर को कष्ट देंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ये सिर्फ अरविंद केजरीवाल की लड़ाई नहीं है बल्कि ये लड़ाई देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पैसा कमाने के लिए राजनीति में नहीं आए हैं।

ज्ञात है कि, अरविंद केजरीवाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें 15 अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। केजरीवाल को जेल की 2 नंबर बैरक में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। उनको 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में रखा जा रहा है। जेल के नियमों के मुताबिक केजरीवाल 10 लोगों से मिल सकते हैं। जेल में बंद होने के बाद भी केजरीवाल ने अब तक अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है, वे जेल से ही दिल्ली की सरकार चला रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments