Friday, September 20, 2024
Homeट्रेवल-फूडइस बार होली पर बनाएं ये खास टेस्टी पकवान..

इस बार होली पर बनाएं ये खास टेस्टी पकवान..

रंगो का त्यौहार होली सभी के लिए नई उमंग लेकर आता है। फिल्म शोले का गाना है जिसके बोल है “गिले शिक़वे भूल के दोस्तों ,दुश्मन भी गले मिल जाते हैं”.. सच ऐसा ही ये रंगों का त्यौहार। जब रंग की पिचकारी चलती है तो वो आसपास के सभी लोगों को सराबोर कर देती है। रंगों के साथ जब लोग इकट्टठे होते हैं, तो खाने के लिए भी खास पकवान की जरुरत होती है। ऐसे में क्या बनाएं इस समस्या में मन ऊलझा रह जाता है, और हर साल की तरह एक जैसे पकवान रिपीट होते रहते हैं। तो आपकी इस समस्या को दूर करते हैं, और बतातें है होली स्पेशल कुछ खास व्यंजनों की रेसिपी …

होली त्यौहार में हर राज्य का अपना एक अलग स्वाद होता है, त्यौहार एक ही होता है पर वहां के स्पेशल पकवान अलग-अलग होते है। जैसे मध्यप्रदेश में गुझिया, महाराष्ट्र में पूरन पोली, यूपी की लस्सी, दिल्ली की चाट, जैसे बहुत कुछ। रंगों का त्यौहार होली बहुत ही खास होता है, इलसिए जब घर वालों के साथ बैठें और यारों के साथ धमाचौकड़ी मचाएं तो खाने के लिए भी कुछ खास होना ही चाहिए। तो उड़ते गुलाल के पहले बनाएं ये स्वादिष्ट पकवान..

गुझिया

होली की पहचान गुझिया से ही होती है। ये हर राज्य में पसंद किया जाता है, पर इसे बनाने के तरीका सभी जगह अलग-अलग होते है। मेवा गुझिया,सेब गुझिया, अंजीर गुझिया, केसर गुझिया, पिस्ता गुझिया, बादाम गुझिया और मावा गुझिया जैसे कई रुप में ये पसंद किए जाते हैं। तो आज हम बनाते हैं मावा गुझिया..

रेसिपी – सबसे पहले मैदे में ¼ कप घी को अच्छे से मिक्स कर लें इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर पूरी की तरहा का आटा गूँथ लें। आटें को मसलकर चिकना बनाएं और 20 मिनट तक ढाककर रखे। इसके बाद स्टफ़िंग तैयार करने के लिए मावा को धीमी आँच में भूरा होने तक सेके। फिर इसे दूसरे बर्तन में निकालकर ठंडा होने दे। ठंडा होने के बाद इसमें ड्रायफ्रूट्स मिक्स करें, जिसमें किशमिश, काजू, नारियल, चीनी, इलाइची और चिरौंजी को शामिल करें। गुझिया की स्टफ़िंग तैयार है। अब आप गुथे हुए आटे से पूरी बनाकर इसमें गुझिया की सामग्री भर दीजिये और इसके किनारों पर पानी लगाकर इसे सांचे में आकार दे दें। इसके बाद कढ़ाई में घी गरम करके धीमी आँच पर गुझिया तलें। गर्मागर्म गुझिया तैयार है, होली खेलें और गुझिया खाएं।

खीर

होली में यदि खीर ना खाई तो त्यौहार अधूरा ही रह जाएगा। खीर मेन कोर्स में हर घर की शान होती है। इसमें भी टेस्ट अलग-अलग होता है, पर खीर तो एक ही है, दूध के साथ चावल की खीर। जिसे ठंडी करके खाने का मजा ही कुछ और होता है। तो बतातें हैं आपको सबसे आसान और टेस्टी खीर बनाने की विधि..

रेसिपी- वैसे तो आप अपने घर में रखा कोई भी चावल इसके लिए इस्तेमाल कर सकते हैं, पर यदि बासमती राईस हो तो स्वाद और बढ़ जाता है। तो सबसे पहले टुकड़ा बासमती चावल को आधे घंटे तक भिगने दे। इसके बाद एक बर्तन में दूध उबालकर इसे अच्छे से पका ले और इसमें से थोड़ा दूध एक ग्लास में निकालकर केसर मिक्स करके अलग रख दें। अब मेवे बादाम और काजू को छोटे-छोटे टुकड़ो में काटकर तैयार के ले। इलायची के छिलके को निकालकर इसका पाउडर तैयार कर ले। जब दूध उबलने लगे तो इसमें घी में सिकें हुए चावल डाल दे, और एक-एक मिनट के अंतराल पर इसे चलाते रहे। चावल के थोड़ा फूलने पर इसमें मेवे बादाम और काजू के छोटे-छोटे टुकड़ो को डालकर इसे अगले 10 मिनट तक पकाएं। अब इसमें केसरयुक्त दूध का घोल मिलाएं और साथ ही पाउडर बनाई हुई इलायची के दानों को डालकर इसे थोड़ी देर और पकाएं। अब इसमें अपने स्वाद के हिसाब से चीनी मिलाकर एक से दो मिनट और पकाएं। लिजिए खीर तैयार है, ध्यान रखें खीर का असली स्वाद उसे धीमी आंच में पकाने पर ही मिलेगा। हां थोड़ा समय ज्यादा लगेगा, पर स्वाद अच्छा होगा तभी खाने वालों से तारीफ मिलेगी।

ठंडाई

वैसे तो लस्सी के बराबर कोई ठंडाई नहीं, पर होली पर कुछ नया होना जरुरी है। तो बनाने हैं आज खास तरह की ठंडाई, जो होली के त्यौहार को और शानदार बना देगी..

रेसिपी – एक बड़े बर्तन में दूध को उबालें के लिए रख दें। अब पिस्ता, मगज, खसखस, काजू और बादाम को अच्छी पीस कर पाउडर तैयार कर लें। आप चाहे तो इसका बेहतर मिश्रण बनाने के लिए इसमें थोड़ा सा दूध मिलाकर भी इसे पीस सकते है ताकि इसका मिश्रण अच्छे से बन जाएं। अब उबले हुए दूध में केसर और चीनी को मिलाएं और कुछ देर तक हिलाते हुए पकाएं। अब दालचीनी, इलायची, काली मिर्च और गुलाब की पंखुड़ियों को बारीक़ पीस ले और इसे भी दूध में मिलाएं। इसके बाद इस पेस्ट और पहले से तैयार किये पेस्ट को दूध के साथ मिलाकर धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकाएं। सुंदर कांच के ग्लास में डाल कर ठंडा होने के लिए फ्रीज में रख दें। अब जब मेहमान आएं तो उन्हें गुलाब की पंखुड़ियों के साथ गर्निश करके ये ठंडाई सर्व करें, घर वालों को खिलाएं और खुद भी आनंद लें इसका।

दही बड़े 

होली में कुछ ऐसा होना भी बहुत जरुरी है, जो थोड़ा खट्टा भी हो और थोड़ा मीठा भी। बिल्कुल हमारी खट्टी मीठी जिंदगी की तरह। तो ऐसी ही एक डिश है, जो सभी की पसंद होती ही है। जिसका नाम है दही बड़े, दही में डूबे बड़े का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। तो बनाईए ये स्वादिष्ट पकवान..

रेसिपी- सबसे पहले उड़द दाल को रात भर के लिए भिगो दें। दाल को 6 घंटे के लिए भिगोना है। दही बड़े के लिए छिलके वाली उड़द दाल का इस्तेमाल करना जरुरी है। दाल भीग जाएं तब आप उसे हाथों से मसलकर उसके छिलके उतार लें और 5-6 बार धो लें।अब उसे मिक्सर में पीस लें। पीसने में पानी का कम ही प्रयोग करना है। इस घोल मे अदरक मिर्च का पेस्ट और नमक डालें। अब इस घोल को अच्छी तरह फैंटना है, ये बहुत जरुरी है। तभी बड़े सॉफ्ट बनेंगे। हाथों में पानी लगाते हुए अपनी पसंद के साइज के बड़े कड़ाही में कुरकुरे होने तक तल लें। तले हुए बड़ों को पानी में डालें करीब 7-8 मिनट के बाद इन्हें पानी से निकाले और पूरा पानी निकाल लें। अब प्लेट में बड़े रखें और उनपर मथा हुआ दही डालें। दही में पहले ही नमक मिक्स कर लें। इसके बाद ऊपर से अपने पसंद के मसाले जैसे जीरा पाउडर , चाट मसाला, लाल मिर्च, काला नमक मिलाएं। इसके साथ ही इमली की चटनी ऊपर से डालें और तैयार है दही बड़े।

रसमलाई

दो शब्दों से मिलकर बनी ये मीठाई सभी की फेवरेट होती है, रस और मलाई।  छेने से बनी ये मीठाई रसगुल्ले से ज्यादा टेस्टी लगती है। पर घर पर बनाना लोगों के लिए थोड़ा मुश्किल होता है। तो आज आपको बहुत ही आसान तरीके से रसमलाई बनाने की विधि बतातें हैं..

रेसिपी- इसके लिए सबसे पहले घर पर ही ताजा छैना ( पनीर) बनाकर तैयार कर लें। साफ मुलायम कपड़े में छैना रखें। इसे बनाने के 30 मिनट बाद एक बर्तन में निकाल लें, और हाथों से मसलकर सॉफ्ट होने तक मसलते रहें। हाथों में चिकनाई महसूस होने पर मसलना बंद कर दें और छोटे-छोटे गोले बनाकर तैयार कर लें। 1 लीटर दूध से करीब 12 गोले बनाए जा सकते हैं। गहरे बर्तन में 4 कप पानी और 2 कप चीनी डालें और उबाल लें। मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने पर सारी गोली इसमें डाल दें। करीब 7 से 8 मिनट तक सारी गोलियों को इसमें डले रहनें दें। अब इसकी मलाई बनाने के लिए 1 लीटर दूध को उबाल लें, इसमें अपनी पसंद के अनुसार ड्राय फूट्स डालें, ध्यान रहे सभी बारीक पिसे होने चाहिए, केसर मिलाएं, चीनी स्वाद अनुसार डालें। मिश्रण को रबड़ी की तरह गाड़ा होने तक पकाएं। अब तैयार छेने के गोलों को अच्छे तरह हाथों से दबादबा निकालें और इस रबड़ी वाले मिश्रण में डालते जाएं। तैयार है आपकी होम मेड रस मलाई। जो बच्चों और बड़ों दोनों को ही बहुत पसंद आती है। तो इस होली पर ये सारे नए तरह के पकवान बनाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments