Thursday, September 19, 2024
Homeट्रेवल-फूडअपने हुनर से बनी मिसाल, अध्यात्म का रखती हैं पूरा ज्ञान

अपने हुनर से बनी मिसाल, अध्यात्म का रखती हैं पूरा ज्ञान

जया किशोरी आज के दौर की ऐसी युवा आध्यात्मिक गुरु और कथा वाचक मानी जाती हैं जिनका ज्ञान लोगों को बहुत प्रभावित करता है। कम उम्र में ही इन्होंने इतना नॉलेज अर्जित कर लिया जो हर किसी के लिए आसान नहीं होता है। पहले भगवान से जुड़े प्रवचन सिर्फ बुर्जुर्गों ही सुनते थे, पर आज ऐसा बिल्कुल नहीं रहा है। जया किशोरी ने इस पुरानी रीत को बदल दिया है, उन्होंने अपने कथा वाचन सुनने वालों में युवा पीढ़ी को भी शामिल किया है। माना जाता है की, हम उम्र के लोग एक दूसरे को आसानी से कोई बात समझा सकते हैं। ऐसा ही कुछ किया है इस युवा मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने। आज इनके जरिए हजारों की संख्या में युवा पीढ़ी अपने धर्म और संस्कृति से जुड़ती जा रही है। जानते हैं इनसे जुड़ी खास बातें…

जया किशोरी का पूरा नाम जया शर्मा है। इनका जन्म 13 अप्रैल 1995 को राजस्थान के सुजानगढ़ में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ। इनके पिता का नाम राधेश्याम हरितपाल है और माता का नाम गीता देवी हरितपाल है। वे अभी के समय में अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहती हैं। जया को बचपन से ही भजन गाना पसंद था। उन्होने अपनी कक्षा 12 वीं के दौरान ही श्रीमद्भागवत कथा पूरी कंठस्थ कर ली थी। उनके इस कार्य पर हर किसी को आश्चर्य होता था। जया ने अपनी स्कूल की शिक्षा कोलकाता से प्राप्त की। स्नातक बैचलर ऑफ कॉमर्स में किया। इसके साथ ही उन्होंने कई शास्त्रों और वेदों की शिक्षा भी ली है।

जया किशोरी भारत की युवा कथा वाचक

बचपन से ईश्वर को जानने में रही रुचि

जया को बचपन से ही ईश्वर को जानने में रुचि रही है, इसलिए वे अधिकांश आध्यात्म से जुड़ी किताबों को पढ़ती रहीं। कम उम्र में ही अच्छा ज्ञान हासिल करने के बाद वे कथा वाचन करने लगीं। कथा वाचन के साथ वे भजन भी गाने लगीं। छोटी सी बच्ची के मुख से भगवान के भजन सुनना हर किसी को अच्छा लगने लगा। उनकी कथा में बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद होने लगी। आज वे जहां भी कथा वाचन करती हैं लाखों की संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। अपने इस हुनर के जरिए वे बड़ी धनराशि भी कमा रहीं हैं। उनकी श्रीमद्भागवत कथा वाचन की फीस का आधा हिस्सा नारायण सेवा संस्थान को दान किया जाता है।

वीडियो, रिल्स से लेकर एलबम में नजर आती हैं जया

जया किशोरी ने अपनी कथाओं के जरिए बुजुर्गों के साथ युवा वर्ग को भी जोड़ा है। वे आज यूट्यूब चैनल, रील्स वीडियो में नजर आती हैं। इसके साथ ही वे मशहूर भारतीय मोटिवेशनल स्पीकर संदीप महेश्वरी के शो में भी आ चुकी हैं। वे एक के बाद एक नए-नए प्लेटफॉर्म पर नजर आ रहीं है। उनका अपना म्यूजिक एलबम भी रिलीज हो चुका है। सिंगर जुबिन नाडियाडवाला के साथ वे “मेरे कान्हा” भजन भी पेश कर चुकी हैं। जया किशोरी की उपलब्धियां आज देश के साथ विदेशों में भी छायी हुई हैं। वे भारत देश की ऐसी युवा बन चुकीं हैं जिनकी मिसाल हर कोई देता रहता है।

कृष्ण भक्त जया 

जया किशोरी को लेकर आज सभी के मन में ये भम्र बन गया है कि वे एक साध्वी या संत हैं। पर जया ऐसा ना मानते हुए खुद को एक साधारण स्त्री मानती हैं। वे कहती हैं की ये उनका ईश्वर से जुड़ने का तरीका है, जो लोगों को भी पसंद आता है। वे भगवान कृष्ण के प्रति बहुत अधिक आकर्षित हैं। वे भगवान कृष्ण को अपना मित्र मानती हैं। राजस्थान के खाटू श्याम जी के दरबार में जया हर साल जाती हैं। अपने पूरे परिवार के साथ वे 2 से 3 दिन वहीं रहती हैं। जहां वे कृष्ण भजन करती हैं, उनकी भक्ति में नाचती हैं। उनके इस रुप को देखकर बहुत सुंदर माहौल बन जाता है और मौजूदा लोग भी झूमने लगते हैं।

यूथ आइकॉन जया 

जया किशोरी को फेम इंडिया एशिया सर्वे में साल 2019 की यूथ आइकॉन में भी शामिल किया गया। माना आध्यात्म के क्षेत्र में एक युवा का इस प्रकार ख्याति प्राप्त करना हर किसी को लुभा जाता है। जया के हुनर की तरह ही उनका पहनावा भी बहुत साधारण रहता है। वे भारतीय परिधान में ही ज्यादातर नजर आती हैं। वे अपने विचार और आचरण से एक हंसमुख व्यक्तित्व हैं, जो कृष्ण की भक्ति में मग्न हैं। देश के हर युवा की प्रेरणा हैं, एक मार्गदर्शक हैं।

जया किशोरी भारत की युवा कथा वाचक

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments